logo

गोड्डा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिहार से गांजा लेकर आ रहे दो तस्कर गिरफ्तार

GODDA_police.jpg

गोड्डा 
  
गोड्डा पुलिस अधीक्षक (SP) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर महागामा थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से ग्राम दिग्घी होते हुए महागामा की ओर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महागामा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरूण रजक के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। वहीं छापामारी दल ने ग्राम शीतल के समीप पानी टंकी के पास मुख्य पथ पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सफेद झोले में प्लास्टिक में रखे चार अलग-अलग पैकेट से कुल 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। 

दोनों तस्कर भागलपुर के रहने वाले 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरेन्द्र कुमार (33 वर्ष) पिता सरन्द्र मंडल और उदय कुमार मंडल (35 वर्ष) पिता स्व.शीतल मंडल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी ब्रह्मचारी टोला, घोघा थाना क्षेत्र, जिला भागलपुर (बिहार) के रहने वाले हैं। पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में महागामा थाना कांड संख्या 142/26 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है। छापामारी दल में महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा वरूण रजक, पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो, महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल, सहायक अवर निरीक्षक खालिद अहमद खाँ, सहायक अवर निरीक्षक निर्मल कुमार पाण्डेय सहित महागामा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Tags - Godda Police Ganja Smugglers Arrested Bihar Smugglers Narcotics Seizure