द फॉलोअप/ गोड्डा
गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर अदालत में पेश करने के लिए भेजा जा रहा है।
पुल के पास मिला था किशोर का शव
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को ग्राम गौरीकिता रघुनाथपुर स्थित पुल के पास एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान पथरगामा थाना क्षेत्र के तरडीहा निवासी 16 वर्षीय सूरज कुमार राय के रूप में हुई। मामले में महागामा थाना कांड संख्या-151/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विशेष टीम ने किया मामले का खुलासा
पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए प्राथमिक अभियुक्त मीला देवी (34), निवासी मिल्की, थाना कहलगांव, जिला भागलपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी मीला देवी के बीच पहले से अवैध संबंध थे। कुछ महीनों से आरोपी ने मृतक से मिलना-जुलना और फोन पर बातचीत बंद कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद किशोर लगातार उससे मिलने का प्रयास कर रहा था।
बहन के साथ मिलकर की हत्या
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को मृतक आरोपी के घर पहुंचा था। इसी दौरान मीला देवी ने अपनी बहन सुगनी देवी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को रात के समय पुल के पास ले जाकर छोड़ दिया ताकि घटना को छिपाया जा सके।.jpeg)
घटना में प्रयुक्त सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, एक जोड़ी चप्पल तथा हत्या में प्रयुक्त गमछा बरामद किया है। जब्त किए गए सामानों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने इस मामले में मीला देवी (34), पति सोनू राय, निवासी मिल्की, थाना कहलगांव, जिला भागलपुर तथा सुगनी देवी (30), पति मोहन राय, निवासी गोडिया, थाना महागामा, जिला गोड्डा को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।