द फॉलोअप डेस्क
30 मार्च 2023 को रामनवमी पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर रामनवमी की मुख्य शोभा यात्रा/जुलूस निकाला जाएगा। इसके एक दिन पूर्व दिनांक- 29-03-2023 विद्युत् श्रृंगार प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है, वहीं दिनांक- 31-03-2023 को चैती दुर्गा की शोभा यात्रा निकाली जाएगी। उक्त अवसर पर शान्ति व्यवस्था एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीसी राहुल कुमार सिन्हा और एसएसपी किशोर कौशल ने संयुक्तादेश जारी कर दिया है। इसके तहत शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों के अलावा संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती की गई है। मिथ्या/अफवाहों के कारण अनावश्यक भय, तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए प्रत्येक मजिस्ट्रेट-पुलिस पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

सादे लिबास में भी तैनात रहेगी पुलिस
सभी थाना प्रभारियों को स्थानीय गुप्तचर विभाग के पदाधिकारियों से सतत संपर्क स्थापित रखने एवं अपने-अपने क्षेत्र के शांति समिति के सदस्य/ मुखिया/ पार्षद/ संघात नागरिकों से संपर्क बनाये रखने का निर्देश दिया गया है, जिससे महत्वपूर्ण गुप्त सूचनाएं प्राप्त की जा सके। संवेदनशील स्थानों पर सादे लिबास में पुलिस कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति किए जाने का निर्देश दिया गया है। सभी पात्रताधारियों को नियमानुसार सक्षम पदाधिकारी दिनांक 29.03.2023 के पूर्व अनुज्ञप्ति निर्गत करने का निर्देश दिया गया है। जिला के सभी पुलिस पदाधिकारियों को निदेश दिया गया है कि जुलूस के पूर्व जुलूस के मार्गो का अनुज्ञप्ति के अनुसार भौतिक सत्यापन करना सुनिश्चित करेंगे ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।

अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ होगी छापेमारी
पर्व के अवसर पर निर्धारित दिनों के लिए शराब की दुकानों को नियमानुसार बंद रखने का निर्देश दिया गया है। सहायक आयुक्त, उत्पाद, रांची को अवैध शराब बेचने वालों के विरुद्ध गहन छापामारी अभियान चलाकर इसकी बिक्री पर रोक लगाने एवं प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। डोरंडा, हिनू, धुर्वा, हिंदपीढ़ी, लोअरबाजार, सुखदेवनगर, बरियातु, कोकर थाना क्षेत्र में गहन छापामारी कर अवैध शराब बेचने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

सीसीटीवी-ड्रोन कैमरा उपलब्ध कराने का निर्देश
रामनवमी पर्व के अवसर पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी/ड्रोन कैमरा से भी निगरानी होगी। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश डीसी-एसएसपी की ओर से दिया गया है। वहीं, त्योहार के दौरान नो-इंट्री व पार्किंग से संबंधित आदेश निर्गत करने का निर्देश ट्रैफिक एसपी को दिया गया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT