द फॉलोअप डेस्क, रांची
Jharkhand Out Source News: राज्य सरकार ने आईटी निदेशक माधवी मिश्रा को JAP-IT के CEO का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा बुधवार को इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना में कहा गया है कि जैप-आईटी के निदेशक चंदन कुमार 28 सितंबर से उपार्जित अवकाश चले गए हैं। उनकी छुट्टी से लौटने तक माधवी मिश्रा जैप-आईटी के सीईओ के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगी।

इधर माधवी मिश्रा को जैप-आईटी के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद आउटसोर्स कर्मियों को दुर्गा पूजा से पहले मानदेय भुगतान का मार्ग प्रशस्त हो गया है। यहां मालूम हो कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और कार्यालयों को आउटसोर्स कर्मियों की सेवा उपलब्ध कराने वाली एजेंसियों का कंट्रैक्ट 31 जुलाई 2026 को ही समाप्त हो चुका है। दूसरी ओर टेंडर के बाद शॉटलिस्ट की गयी 19 नयी मैन पावर एजेंसियों को अब तक अधिसूचित नहीं किया गया है। इस कारण पूर्व से कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को वेतन भुगतान तब तक संभव नहीं है जब तक पूर्व से इंपैनल्ड 12 एजेंसियों का कंट्रैक्ट विस्तार नहीं किया जाता। इन एजेंसियों का 30 सितंबर तक कंट्रैक्ट विस्तार की संचिका जैप-आईटी के सीईओ के टेबल पर पड़ी है। इसी तरह नव चयनित 19 मैनपावर एजेंसियों को अधिसूचित किए जाने की संचिका भी उसी टेबल पर है। लेकिन 28 सितंबर से ही जैप आईटी के सीईओ चंदन कुमार छुट्टी पर हैं। इस कारण फैसला नहीं हो पा रहा था। अब माधवी मिश्रा को अतिरिक्त प्रभार दिए जाने के बाद नयी मैनपावर एजेंसियों की नियुक्ति और पूर्व की एजेंसियों का कंट्रैक्ट विस्तार जल्द संभव हो पाएगा। ऐसा होते ही आउटसोर्स कर्मियों को अगस्त और सितंबर, दो महीने का मानदेय भुगतान दुर्गा पूजा से पहले हो जाने की उम्मीद है।
.jpeg)