गढ़वा
गढ़वा जिले में एक सनकी प्रेमी 500 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और अपनी प्रेमिका से शादी कराने की जिद पर अड़ गया. युवक ने धमकी दी है कि जब तक शादी नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगा और जान दे देगा. इस घटना ने स्थानीय लोगों को फिल्म शोले की याद दिला दी, लेकिन यह कोई फिल्म नहीं, बल्कि सच्चाई है.
शादी नहीं हुई तो दे देंगे जान: प्रेमी
मामला रंका थाना क्षेत्र के खपरो मानपुर गांव का है. बताया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग में जब लड़की की शादी कहीं और तय कर दी गई, तो प्रेमी गुस्से में आकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया और जान देने की धमकी देने लगा. सूचना मिलने पर रंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास कर रही है. प्रेमी की पहचान असदुल्ला अंसारी के रूप में हुई है. वह खपरो गांव का रहने वाला है और मानपुर गांव की एक लड़की से उसका पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था.
लड़की के परिजनों ने कही और तय कर दी शादी
परिजनों के अनुसार, दोनों परिवार एक ही समुदाय के हैं. लगभग एक सप्ताह पहले रंका थाना में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था, जिसमें प्रेमी और प्रेमिका की शादी कराने पर सहमति बनी थी. लेकिन बाद में लड़की के घरवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी, जिससे युवक आहत हो गया और उसने यह कदम उठा लिया. लड़के के पिता खुर्शीद अंसारी ने बताया कि उन्हें भी इस घटना की जानकारी बाद में मिली. वे भी युवक को समझाने और नीचे उतारने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं, पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि यह प्रेम प्रसंग का मामला है और युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा हुआ है. पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है.