पलामू
जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक प्रेम संबंध को 'इज्जत' के नाम पर खून से धो दिया गया। परिजनों ने पहले अपनी बेटी की जान ली, फिर उसके प्रेमी को बेरहमी से मार डाला। युवक की आंख फोड़कर उसकी हत्या कर दी गई और दोनों के शवों को कुएं में फेंक दिया गया। यह सनसनीखेज घटना रविवार को टरिया गांव में सामने आई, जब पुलिस ने कुएं से एक युवक और युवती का शव बरामद किया। मृतकों की पहचान कारू सिंह (भंडरा गांव) और विभा कुमारी (टरिया गांव) के रूप में हुई। मीडिया को इसकी सूचना आज दी गयी।

हत्या के पीछे प्रेम संबंध, पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि विभा कुमारी और कारू सिंह के बीच प्रेम संबंध थे, जिसका विरोध लड़की के परिवारजन कर रहे थे। इसी के चलते इस भयावह हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पुलिस ने कारू सिंह के भाई जयप्रकाश कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया और छानबीन के बाद विभा के माता-पिता समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में उपेंद्र महतो (पिता), कलावती देवी (मां), जनेश्वर महतो (चाचा), विमलेश महतो और राकेश महतो शामिल हैं।
पहले की युवती की हत्या, फिर युवक को बनाया निशाना
जांच में सामने आया है कि शनिवार की शाम कारू सिंह खेत से काम कर लौटने के बाद घर से निकला था और तभी से लापता था। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, लड़की के परिजनों ने दोनों को एक साथ पकड़ लिया था। पहले विभा की हत्या की गई, फिर कारू को न सिर्फ बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसकी एक आंख भी निकाल दी गई। बाद में दोनों के शव को एक ही कुएं में फेंक दिया गया, जो आरोपियों के घर के पास ही स्थित है।

कारू के गायब होने के बाद उसके परिजनों ने विभा के परिवार से संपर्क किया, लेकिन विभा के घरवालों ने घटना को छुपाते हुए उन्हें उल्टा प्रेमी युगल को ढूंढने का सुझाव दिया। मृतक युवक के भाई का आरोप है कि विभा के परिजन लगातार ‘इज्जत’ की दुहाई देकर दोनों को खोजने का नाटक करते रहे, जबकि उसी समय वे दोनों की हत्या कर चुके थे।
पुलिस की कार्रवाई जारी, घटना से इलाके में दहशत
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसडीपीओ मनोज कुमार झा ने कहा कि मामले की तह तक जाने के लिए छानबीन जारी है और जो भी दोषी होंगे, उन्हें सख्त सजा दिलाई जाएगी। इस घटना के बाद से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
