logo

108 घड़ों के ठंडे पानी से नहाने के बाद भगवान जगन्नाथ हुए बीमार, 15 दिन एकांतवास में रहेंगे, भक्त नहीं कर पाएंगे दर्शन

0943.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची के धुर्वा में 10 दिनों तक चलने वाला ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मेला 20 जून से शुरू होगा। 29 जून को घूरती रथ यात्रा के साथ इसका समापन होगा। रथ यात्रा को लेकर मंदिर प्रबंधन व पुलिस-प्रशासन भी इसकी तैयारियों में जुट गई है। इसके तहत 4 जून को जगन्नाथपुर मंदिर में भगवान जगन्नाथ के साथ उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा कि सहस्त्रधारा स्नान विधि की गई। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान जगन्नाथ को 108 घड़ों के ठंडे पानी से स्नान कराया गया। इसके बाद भगवान 15 दिनों के लिए एकांतवास में चले गए।

आईए जानें एकांतवास में जाने का रहस्य
नहाने के साथ ही भगवान को बुखार आ गया। जिसके बाद 15 दिनों तक भगवान जगन्नाथ को एकांत में एक विशेष कक्ष में रखा जाता है। यहां सिर्फ उनके वैद्य और निजी सेवक ही उनके दर्शन कर सकेंगे। इस दौरान भगवान जगन्नाथ के मंदिर के कपाट भी बंद रहेंगे। मतलब भक्त अब 15 दिनों तक भगवान के दर्शन नहीं कर सकेंगे। इसके बाद कपाट खुलेंगे और भगवान जगन्नाथ अपने भक्तों को दर्शन देंगे। फिर रथ यात्रा का प्रारंभ होगा। रथ यात्रा के आरंभिक चरण में भी भगवान जगन्नाथ को स्नान कराया जाता है, उसके बाद रथ यात्रा निकाली जाती है।

15 दिनों तक भगवान को काढ़ा का लगेगा भोग

भगवान जगन्नाथ को हर साल एक बार स्नान कराया जाता है। इसे स्नान यात्रा भी कहा जाता है। स्नान के बाद 15 दिन के लिए भगवान जगन्नाथ बीमार पड़ जाते हैं। तब यहां की रसोई भी बंद कर दी जाती है। भगवान को 56 भोग भी नहीं खिलाया जाता। उसकी जगह काढ़ा का भोग लगाया जाता है। साथ ही भगवान को आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों का भी भोग लगाया जाता है। इस दौरान भगवान जगन्नाथ की बीमारी की जांच करने के लिए रोजाना वैद्य भी आते हैं। जानकारी के अनुसार भगवान को काढ़े के अलावा फलों का रस भी दिया जाता है। साथ में शीतल लेप भी रोज लगाया जाता है।



एक नजर में देखें रथ यात्रा का कार्यक्रम
19- जून को शाम 4 बजे से नेत्रदान
20-  जून सुबह 5 बजे से सुलभ दर्शन

20- जून दोपहर 2 बजे से होगी रथयात्रा के लिए सामूहिक पूजन
20- जून 4:30 बजे रथ यात्रा की शुरुआत होगी, शाम 6:30 बजे तक भगवान का मौसी बाड़ी में होगा आगमन
29- जून को घूरती रथ यात्रा के साथ कार्यक्रम का होगा समापन

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N