logo

Crime : बाइक चोरी गिरोह के 8 बदमाश गिरफ्तार, चोरी की 21 मोटरसाइकिल भी जब्त

बाइक चोरी गिरोह के 8 बदमाश गिरफ्तार, चोरी की 21 मोटरसाइकिल भी जब्त

लोहरदगा: 

लोहरदगा में मोटरसाइकिल गिरोह के 8 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के पास से 21 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। मामला जिले के कुडू थानाक्षेत्र का है। कुडू थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बीएन सिंह ने जानकारी दी है कि पुलिस अधीक्षक को गिरोह के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बीएन सिंह के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया था। इसी कार्रवाई के दौरान ये सफलता मिली। 

पुलिस अधीक्षक को मिली थी गुप्त सूचना
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि जिले के अलग-अलग थानाक्षेत्रों में छापेमारी कर बाइक चोरी गिरोह के 8 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से अलग-अलग कंपनियों की कुल 21 बाइक भी बरामद की गई है। गिरफ्तार बदमाश लोहरदगा जिले के ही अलग-अलग प्रखंडों के रहने वाले हैं। गिरफ्तार बदमाश, लोहरदगा, रांची, गुमला और लातेहार जिलों से बाइक चोरी करते थे। इस मामले में कुडू थाने में मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान जारी था। 

गिरफ्तार बदमाशों ने बताया साथियों का नाम
गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को दिए बयान में बाइक चोरी की घटनाओं की विस्तृत जानकारी दी है। इन्होंने अपने साथियों का नाम भी बताया है। गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर उनके साथियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जायेगा। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।