लोहरदगा
लोहरदगा जिले के पतराटोली स्थित प्रिया स्टोर नामक स्टेशनरी दुकान के संचालक शुभम साहू की हत्या के मामले में लोहरदगा पुलिस को सफलता मिली है। घटना के लगभग 40 घंटे के भीतर लोहरदगा पुलिस ने मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों के पास से हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। लोहरदगा SP सादिक अनवर रिजवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया है। गौरतलब है कि बीते 30 जुलाई को ये दोनों अपराधी शहरी क्षेत्र में तांडव मचाते हुए अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स और पतराटोली स्थित पेट्रोल पंप में लूट की कोशिश करने के बाद शुभम साहू की दुकान में घुसकर गोली मारकर हत्या कर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए SDPO श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में SIT टीम का गठन कर अपराधियों को लोहरदगा के ओएना से धर दबोचा गया। दोनों अपराधी बाहर भागने के फिराक में थे।

रौशन लाल का पुराना आपराधिक इतिहास
अपराधियों की पहचान गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के असमथ रजा और लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के कुरसे निवासी रौशन लाल के रूप में हुई है। अपराधी रौशन लाल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। रौशन लाल के खिलाफ रांची और लोहरदगा जिले में करीब आधा दर्जन प्राथमिकी दर्ज है। ये पूर्व में भी गोलीबारी, रंगदारी, आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया शहर में तांडव मचाने वाले अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अपराधियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उनके निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा और एक जिन्दा कारतूस भी बरामद किया गया है। वहीं आरोपी ने बताया उसे शक था कि पीएलएफआई के पूर्व कमांडर संदीप भगत के लिए मृतक शुभम कुमार मुखबिरी का काम करता था और उसे मरवाना चाहता था। इसी कारण उसकी हत्या की गयी। पुलिस मामले को लेकर आगे की करवाई में जुटी हुई है।
