logo

लोहरदगा : ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार दंपती की मौत, चालक फरार

IMG-20260731-WA0000.jpg

लोहरदगा 
लोहरदगा शहर के बीएस कॉलेज रोड पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
घटना की पूरी जानकारी 
मृतकों की पहचान कुड़ू थाना क्षेत्र के हेसल, कूरसे निवासी 23 वर्षीय वारिश अंसारी (पिता- इम्तियाज अंसारी) और उनकी 20 वर्षीय पत्नी सानिया खातून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अपने रिश्तेदार के घर सेरेंगहातु जा रहे थे। इसी दौरान बीएस कॉलेज रोड पर हुए सड़क हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना ट्रक की चपेट में आने से हुई। हादसे के बाद चालक ट्रक को बीएस कॉलेज पिकेट के पास छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण तथा सड़क सुरक्षा उपायों को और सख्ती से लागू करने की मांग की है।

Tags - Lohardaga Jharkhand Road Accident Truck Accident Breaking News