द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
लोहरदगा-रांची रेल लाइन पर बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। कैरो थाना क्षेत्र के नगजुआ रेलवे स्टेशन के पास मेमू पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान कैरो थाना क्षेत्र के डूमरटोली गांव निवासी स्वर्गीय लखवा उरांव के 45 वर्षीय पुत्र सन्नी उरांव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
.jpeg)
रांची जाने के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, सन्नी उरांव बुधवार सुबह नगजुआ रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह लोहरदगा-रांची पैसेंजर ट्रेन से रांची जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जीआरपी मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सन्नी उरांव ट्रेन की चपेट में कैसे आए। पैर फिसलने से हादसा हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।