द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा शहर के व्यस्त अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब दुकान संचालक संजय खत्री ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए हथियारबंद अपराधियों का डटकर मुकाबला किया। ग्राहक बनकर पहुंचे दो बदमाशों ने हथियार के बल पर लूटपाट का प्रयास किया, लेकिन हाथापाई के दौरान दुकानदार ने एक बदमाश के हाथ से रिवॉल्वर छीन ली। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
.jpeg)
ग्राहक बनकर पहुंचे, फिर हथियार निकालकर करने लगे लूट
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम दो युवक ग्राहक बनकर खत्री ज्वेलर्स पहुंचे। शुरुआत में उन्होंने सामान्य ग्राहकों की तरह व्यवहार किया और दुकान में आभूषण देखने लगे। कुछ ही देर बाद एक युवक ने अचानक रिवॉल्वर निकालकर दुकान संचालक संजय खत्री को धमकाया और लूटपाट का प्रयास किया। हालांकि संजय खत्री ने घबराने के बजाय अपराधियों का विरोध किया। देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई, जिसमें दुकानदार ने बदमाश के हाथ से रिवॉल्वर छीन ली। अप्रत्याशित प्रतिरोध से घबराकर दोनों अपराधी दुकान के बगल की गली से भाग निकले।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद अपर बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व दुकानदार घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुकान व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। शहर के सबसे व्यस्त बाजार में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि दुकानदार की बहादुरी से एक बड़ी लूट की वारदात टल गई।