लोहरदगा
लोहरदगा के सदर थाना क्षेत्र में बीती देर रात हथियारबंद अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया है। बेखौफ अपराधियों ने बाईपास सड़क निर्माण कार्य में जुटी वीकेएस कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के महुवाटोली स्थित साइट पर 3 राउंड गोलीबारी की और वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस वारदात में निर्माण साइट की सुरक्षा में तैनात गार्ड शशिभूषण लकड़ा के कंधे में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो हथियारबंद अपराधी निर्माण साइट पर पहुंचे और उत्पात मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद अपराधियों ने साइट पर खड़ी दो गाड़ियों में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे एक हाईवा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
.jpeg)
ठेकेदार से लेवी वसूलने और इलाके में खौफ कायम करने का उद्देश्य
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दहशत फैलाते हुए मौके से फरार हो गए। जिला मुख्यालय से महज कुछ ही दूरी पर स्थित महुवाटोली में हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने विकास कार्यों को बाधित करने, ठेकेदार से लेवी वसूलने और इलाके में अपना खौफ कायम करने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया है। इस घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी समेत पुलिस महकमे के कई अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर पूरे मामले की गहनता से जांच में जुट गई है, साथ ही अपराधियों को चिन्हित कर उनकी धर-पकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।
