logo

लोहरदगा में सनकी बेटे का खूनी खेल, पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या; 3 साल की बेटी गंभीर

तदत1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के सेंगरा टोली में सोमवार को पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सनकी बेटे ने अपने ही पिता, पत्नी और मासूम बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में पिता सुरेंद्र उरांव (60 वर्ष) और पत्नी सुजाता उरांव (27 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय पुत्री रियांशी गंभीर रूप से घायल है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार आरोपी संदीप उरांव (35 वर्ष) ने घर में रखी कुल्हाड़ी से अपने पिता पर हमला किया। फिर पत्नी और मासूम बेटी को भी उसने नहीं छोड़ा। इस हमले में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए और घर में ही जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक पिता और पत्नी की मौत हो चुकी थी।


बच्ची को इलाज के लिए ले जाया गया
घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और सबसे पहले खून से लथपथ हालत में तड़प रही मासूम रियांशी को भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने तुरंत अपनी गोद में उठाकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। भंडरा थाना पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपित संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस संदीप उरांव से पूछताछ कर रही है। 


कुछ दिनों से असामान्य था व्यवहार
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद सेंगरा टोली गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार आरोपित का व्यवहार पिछले कुछ दिनों से असामान्य था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

Tags - Lohardaga News Crime News Jharkhand Crime Murder Case Police Investigation