लोहरदगा:
लोहरदगा के भंडरा थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर ऑनलाइन लूटपाट का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नंदिनी डैम के पास पांच अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को देसी कट्टा दिखाकर पहले पैसे देने के लिए मजबूर किया और फिर QR कोड के जरिए 3500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। हालांकि, युवक ने जब अपनी खराब आर्थिक स्थिति और गरीबी का हवाला देते हुए पैसे वापस करने की गुहार लगाई, तो आरोपियों ने कथित तौर पर 2500 रुपये वापस कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मारुति 800 कार जब्त की और उसमें सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मोटरसाइकिल धोने नंदिनी डैम पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, भंडरा थाना क्षेत्र के भीठा गांव निवासी लालदेव उरांव का पुत्र सुमित उरांव अपनी मोटरसाइकिल धोने के लिए नंदिनी डैम गया था। इसी दौरान उसे अकेला देखकर पांच अज्ञात युवक वहां पहुंचे और हथियार का भय दिखाकर उससे पैसे की मांग करने लगे। सुमित ने जब बताया कि उसके पास नकद रुपये नहीं हैं, तो आरोपियों में से एक ने अपना QR कोड निकालकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने को कहा।
.jpeg)
पिता से फोन करवाकर ट्रांसफर कराए 3500 रुपये
हथियार के भय से डरे सुमित ने तत्काल अपने पिता को फोन किया और अपराधियों द्वारा दिए गए QR कोड पर 3500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। पैसे मिलने के बाद भी आरोपी कुछ देर तक युवक से बातचीत करते रहे। इसी दौरान सुमित ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए उनसे पैसे वापस करने की गुहार लगाई। बताया जाता है कि युवक की आर्थिक परेशानी सुनने के बाद आरोपियों ने उसके एक दोस्त के फोन-पे नंबर पर 2500 रुपये वापस ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सुमित ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।
.jpeg)
मारुति 800 कार जब्त, तीन युवक हिरासत में
सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ नंदिनी डैम पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर एक मारुति 800 कार जब्त की और उसमें सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
ऑनलाइन लेनदेन की भी जांच कर रही पुलिस
पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही QR कोड, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और फोन-पे के जरिए हुए लेनदेन की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।