logo

पलामू : स्कूल बस की चपेट में आकर LKG के छात्र की मौत, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

a5ba35.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के चैनपुर में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक स्कूल बस की चपेट में आकर एलकेजी का छात्र विनीत सिंह यादव की मौत हो गई। यह हादसा चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में हुआ। मृतक छात्र सेमरटांड़ गांव का निवासी था और ग्रेटर एसएलए पब्लिक स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के अनुसार, विनीत रोज़ाना स्कूल बस से घर आता-जाता था। मंगलवार को भी वह स्कूल से लौटते समय सेमरटांड़ स्थित अपने घर के पास बस से उतरने के बाद अचानक उसी बस की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण उसे गंभीर हालत में मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विनीत के पिता संतोष सिंह यादव ने बताया कि उनका बेटा बस से उतरने के बाद घर की ओर जा रहा था, तभी स्कूल बस ने पीछे से उसे टक्कर मार दी। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि बस का ड्राइवर शराब के नशे में था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन ने बस संचालन के सुरक्षा मानकों की अनदेखी की है। उनका आरोप है कि चालक और स्कूल प्रशासन की लापरवाही के कारण एक मासूम की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर जिले में स्कूल बस सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी (DSE) पलामू संदीप कुमार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मामले की सूचना मिली है। उन्होंने सभी निजी स्कूलों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं और कहा कि जल्द ही इस पर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गलत पाए जाने वाले स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि जिस स्कूल की बस से बच्चा पढ़ने जाता था, उसी बस से यह हादसा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है, और परिजनों को सौंप दिया गया है।


 

Tags - Latest Jharkhand Jharkhand Updates latest Jharkhand latest updates HAM Party Jharkhand in hindi Palamu News in hindi latest Palamu news Palamu news updates Palamu updates in hindi Palamu news in Hindi