logo

जंगल में मिले अज्ञात शव मामले का पाकुड़ पुलिस ने महज 48 घंटों में किया उद्भेदन, दो गिरफ्तार   

pp5.jpg

पाकुड़

पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत 28 मई को बड़ा चटकम गांव स्थित जंगल में एक अज्ञात शव मिलने की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिमलौंग ओपी कांड संख्या 27/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1)/238/3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़ के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां एक सड़ा-गला शव बरामद हुआ। बाद में शव की पहचान सुनील पहाड़िया (उम्र 35 वर्ष), पिता चमरा पहाड़िया, निवासी राजाभीठा, थाना सुंदरपहाड़ी, जिला गोड्डा के रूप में की गई।

आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की

इसके बाद SIT द्वारा मानवीय, तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर इस हत्याकांड में संलिप्त जलिया पहाड़िया उम्र करीब 28 वर्ष, पिता-बमना पहाड़िया, ग्राम-बड़ा चटकम, थाना-लिट्टीपाड़ा (सिमलौंग ओ0पी0) और धर्मा पहाड़िया उम्र करीब 30 वर्ष, पिता स्व0 बैदा पहाड़िया, ग्राम-बड़ा चटकम, थाना-लिट्टीपाड़ा (सिमलौंग ओ0पी0) जिला पाकुड़ के ही रहने वाले दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी घटनास्थल से बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

Tags - Unidentified Dead Body Murder Case Solved Superintendent of Police Pakur Police Action Murder Mystery