logo

झारखंड में आकाशीय बिजली का कहर; आठ की मौत, रांची में भी गई एक जान

DEATH12.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं के बीच हुई वज्रपात की घटनाओं ने आठ लोगों की जान ले ली, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। राज्य के विभिन्न हिस्सों से आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है।

राजधानी रांची के ठाकुरगांव क्षेत्र के काटमकुली गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं कांके प्रखंड के एक गांव में भी एक व्यक्ति की जान चली गई। गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड स्थित घोसकेडीह गांव में बिजली गिरने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

इन जिलों में लोगों की हुई मौत 
गढ़वा जिले में भी वज्रपात ने दो परिवारों को प्रभावित किया। केतार थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि खरौंधी क्षेत्र में एक महिला ने दम तोड़ दिया। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर में बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, वहीं उसके परिवार के दो सदस्य घायल हो गए। चतरा जिले में खेत में काम कर रही एक महिला मजदूर वज्रपात की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जामताड़ा जिले के करमाटांड़ क्षेत्र में भी एक दर्दनाक घटना में 10 वर्षीय बच्चे की जान चली गई, जबकि उसके पिता और दो भाई घायल हो गए।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। कुछ जिलों में मानसून पूर्व बारिश हुई, जबकि कई क्षेत्रों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। विभाग ने अगले कुछ दिनों तक वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
 

Tags - Lightning StrikeJharkhand WeatherThunderstorm AlertNatural DisasterBreaking News India