देवघर
देवघर जिला अंतर्गत चितरा थाना क्षेत्र के तिलैया बावरी पाड़ा गांव में बुधवार की शाम प्रकृति का भयंकर प्रकोप देखने को मिला। तेज बारिश के बीच अचानक हुए भीषण वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से एक 12 वर्षीय मासूम बच्चे सहित तीन मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई। इस अप्रत्याशित हादसे के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अंकित बावरी (12 वर्ष) मिलन बावरी का पुत्र छठी कक्षा का छात्र था। बुधवार शाम जब इलाके में तेज बारिश हो रही थी, तब अंकित सुरक्षित रहने के लिए अपने घर के भीतर ही मौजूद था। इसी दौरान अचानक बादलों की गड़गड़ाहट के साथ घर पर वज्रपात हो गया।

गांव में कोहराम मच गया
बिजली का झटका इतना जोरदार था कि अंकित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, घर में बंधे दो बैल और एक बकरे की भी इस हादसे में तत्काल मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पर इकट्ठा हो गए। इधर, सूचना मिलते ही चितरा थाना के एसआई शेतलाल बारला पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। इस दुखद घड़ी में सांत्वना देने के लिए जमुआ की मुखिया नीतू कुमारी, आदित्य सिंह, सिंधु सिंह, तारापद अड्डी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
