गोड्डा
गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र स्थित बरमसिया हाट में मंगलवार को वज्रपात होने के दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मृत्यु हो गई और पांच लोग घायल हो गए। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान काला डुमरिया गांव निवासी जमशेद अंसारी और धर्मेंद्र मुर्मू के रूप में हुई है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान ने उनकी मौत की पुष्टि की। जमशेद अंसारी अपने पीछे छह बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें उनकी दो पुत्रियां अभी अविवाहित हैं।

पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील
घायलों में तुलसीकित्ता निवासी दीपक कुमार भगत, बाड़ेडीह निवासी मलकु रमानी, केंदुआ निवासी रंजन रमानी, ऊपरबंधा निवासी बहादुर रमानी और बारकोप निवासी चंद्रदीप महलदार शामिल हैं। सभी घायलों का पथरगामा अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। इनमें से दो गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें बेहतर इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, हाट-बाजार तथा पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की है।
