logo

रांची : लाइट हाउस में पानी और लिफ्ट व्यवस्था को लेकर लोगों का फूटा गुस्सा, अध्यक्ष-सचिव पर पक्षपात का आरोप

SOCITEY.jpg

रांची 

आज लाइट हाउस जनकल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक अंजू द्विवेदी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। चर्चा के दौरान लाभुकों ने सोसाइटी के अध्यक्ष सुधीर तिवारी एवं सचिव कमल शर्मा द्वारा मनमाने तरीके से पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने पर काफी रोष व्यक्त किया।
बैठक में लोगों ने परिसर की जनसमस्याओं एवं सोसाइटी अध्यक्ष/सचिव की धांधली को लेकर मुख्य रूप से उपस्थित राजद नेता सह लाइट हाउस जनकल्याण समिति के मुख्य संयोजक कैलाश यादव को अवगत कराया। लाभुकों ने कैलाश यादव को बताया कि सोसाइटी के अध्यक्ष सुधीर तिवारी एवं सचिव कमल शर्मा द्वारा चिन्हित फ्लैट्स में पानी की नियमित सप्लाई करवाई जाती है एवं कुल 14 लिफ्ट्स में से कुछ ही लिफ्टों को संचालित किया जाता है।

संयोजक कैलाश यादव ने कहा - यह गंभीर विषय

इस दौरान सभी बातों पर राजद नेता सह लाइट हाउस जनकल्याण समिति के संयोजक कैलाश यादव ने कहा कि यह बहुत गंभीर विषय है। यह मामला जनहित के साथ खिलवाड़ है। फ्लैट्स के लाभुकों के लिए पानी, बिजली, लिफ्ट एवं सीवरेज सफाई जैसे जरूरी मामलों में किसी भी तरह की कोताही बिल्कुल निंदनीय कार्य है। सोसाइटी के लोग अगर मेंटेनेंस के नाम पर अद्यतन भेदभाव करते हैं, तो हम आगामी बुधवार को इनके खिलाफ नगर प्रशासक एवं प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे। 

बैठक में ये मांगें की गईं

बैठक में निर्णय लिया गया कि लाइट हाउस के तमाम लाभुकों के आवास का जल्द निबंधन कर मालिकाना हक दिया जाए। सोलर लाइट, सभी 14 लिफ्ट्स, पानी सप्लाई एवं सीवरेज सफाई का काम नियमित रूप से किया जाए। नगर निगम के शर्त एवं नियमानुसार लाइट हाउस कैंपस में प्ले स्कूल, 10 दुकान एवं मैरेज हॉल का अविलंब निर्माण कराया जाए। लाभुकों द्वारा सभी जरूरी मांगों को लेकर आगामी 5 जुलाई 2026 से फ्लैट्स के प्रति सदस्यों को जागरूक कर एकजुट करने हेतु सदस्यता अभियान व जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। बैठक में संयोजक कैलाश यादव, कृष्ण कु. बबलू, अंजू द्विवेदी, चंदा मुखर्जी, निर्मला देवी, रेखा पांडेय, दीपक राय, प्रवीण खन्ना, गोपाल गुप्ता, नितिन कुमार, सुबोध कुमार, अशोक कुमार, विजय सिंह, सुजीत कुमार, अजीत कुमार, द्वारिका गिरी, जुली कुमारी, कुमार रणविजय सहित कई लोग मौजूद थे।


 

Tags - Light House Society Dispute Kailash Yadav Water Supply Lift Management