logo

झूठ हेमंत सरकार की सबसे बड़ी ताकत : सुदेश महतो

sudesh33.jpg

 

आजसू पार्टी का मनोहरपुर और चक्रधरपुर विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

रांची : जनता को अपने झूठे वादों से भ्रमित कर यह सरकार सत्ता पर स्थापित तो हो गई लेकिन लोगों के कल्याण और कल्याणकारी योजनाओं में इनकी गंभीरता नहीं दिखती है। झूठ राज्य सरकार की सबसे बड़ी ताकत है। ग्राम सभा के सहारे इन्होंने गांवों में झूठ फैलाने का प्रयास किया। झूठ के घोड़े पर सवार होकर यहां से लोग दिल्ली पहुंच गए हैं। ये बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने गोईलकेरा हाट बाजार में आयोजित मनोहरपुर विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह में कहीं। इसके बाद वो चारमोड़, गोपीनाथपुर में आयोजित चक्रधरपुर विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मलेन सह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मौके पर उपस्थित सभी चूल्हा प्रमुखों ने शपथ ग्रहण किया।

गरीबों को राशन भी नहीं मिल पा रहा है

सुदेश ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते गरीबों को उनके हक का राशन भी नहीं मिल पा रहा है। खाली पेट से निर्णय प्रभावित होते हैं जिसका लाभ षड्यंत्रकारी लोग उठा रहे हैं। राज्य के भीतर अब राजनीतिक चेतना को जगाने का वक़्त है।

नीति और नियोजन पर कोई ध्यान नहीं दिया

उन्होंने कहा कि पांच साल में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नीति बनाने और नियोजन देने पर कोई ध्यान नहीं दिया। उनका ध्यान सिर्फ अपनी कुर्सी पर रहा। सरकार ने क्षेत्र के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया। लोगों को भटका कर उनका मत तो हासिल कर लिए लेकिन जब उनके लिए काम करने की बारी आई तो इन्होंने अपने आंखे मूंद ली। अच्छा लीडर लोगों को भटकाता नहीं है, उनका मार्गदर्शन करता है। यह सिर्फ सुनने का नहीं, अपने अधिकारों के लिए बोलने का समय है। वोटर खरीदा नहीं, अपने काम से कमाया जाता है।

महिलाओं की याद नहीं आयी

सरकार को पांच साल तक महिलाओं की याद नहीं आई। महिलाओं को सम्मान देने वाली सरकार पहले यह बताए कि हर अनुमंडल मुख्यालय में महिला कॉलेज, तीन लाख की आबादी पर महिला थाना, चूल्हा खर्च के लिए दो हजार रुपए, राज्यभर में महिला बैंक की स्थापना समेत ऐसे कई वादों का क्या हुआ जो इन्होंने राज्य की महिलाओं से चुनाव के वक़्त किया था। इस दौरान उपस्थित सभी चूल्हा प्रमुखों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी तैयारी हर 10 परिवार में लीडर तैयार करने की है। आप सभी चूल्हा प्रमुखों के साथ और मेहनत से हम इस क्षेत्र की तस्वीर बदलने का काम करेंगे। हमारे पास बेहतर भविष्य के लिए अलग अलग कई योजनाएं हैं। जनता के साथ और आशीर्वाद से हम झारखंड को फिर से विकास के राह पर लेकर जाएंगे।

सरकार ने हर वर्ग को दुखी किया

मौके पर पार्टी के प्रधान महासचिव राम चन्द्र सहिस ने कहा कि वर्तमान सरकार ने समाज के हर वर्ग को दुःखी किया है। सरकार का काम जनता की आवश्यकताओं को समझते हुए उसके अनुरूप कार्य करना होता है लेकिन इस सरकार ने पिछले पांच सालों में ऐसा कुछ नहीं किया। अपराधियों को संरक्षण देने वाली सरकार के कार्यकाल में प्राकृतिक संपदाओं का खुलेआम दोहन हो रहा है। जिस संपदा का लाभ जनता को मिलना चाहिए उसका लाभ माफियाओं को मिल रहा है। बिना नोट दिए आज कोई काम नहीं होता है। लोग अपने काम के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। इस अराजक व्यवस्था को जनता अपने मत से बदलने को तैयार है। इस बदलाव में सभी चूल्हा प्रमुखों की भूमिका अहम है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

मनोहरपुर और चक्रधरपुर विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन में केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, महासचिव रविशंकर मौर्य, डॉ रीना गोडसरे, सत्यनारायण महतो, सचिव बिरसा मुंडा, सिद्धार्थ महतो, संतोष महतो, शिवप्रताप सिंहदेव, नजरुल हसन हासमी, बिरसा मुंडा, रामलाल मुंडा, नंदलाल बिरुआ, युवा राज्य संयोजक सह कोल्हान प्रभारी अमित महतो, कन्हैया सिंह, सचिन महतो, सुजीत गिरी, संजय जारिका, जिला उपाध्यक्ष दिलबर खाका, बुद्धिजीवी मंच के जिला अध्यक्ष मोहनलाल चौबे, श्रमिक संघ कोल्हान प्रभारी राजू शांडिल्य, प्रीतम साहू, आनंदी महतो, सुयोग महतो, श्यामु महतो, चंदन महतो, सोमा रुगु, रामसाय जाते  तथा कई अन्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।