रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को डॉ. श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान, रांची में सत्तारूढ़ पक्ष के विधायकों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी झारखंड विधानसभा के षष्टम तृतीय सत्र (मानसून सत्र) को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। यह सत्र 1 अगस्त से 7 अगस्त 2025 तक आहूत किया गया है।
बैठक के दौरान सत्र में उठाए जाने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों, विधायी कार्यों और विपक्ष की संभावित रणनीतियों का जवाब देने को लेकर विधायकों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायकों से विधानसभा सत्र के दौरान अनुशासन और मुद्दों पर केंद्रित होकर कार्य करने की अपील की।

कांग्रेस विधायक दल की भी हुई अहम बैठक
मानसून सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक भी कांग्रेस भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने की। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और झारखंड प्रभारी डॉ. सीरीबेला प्रसाद भी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
प्रदीप यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग द्वारा लागू की जा रही एसआईआर (Standard of Identification Register) प्रणाली देश के आम मतदाताओं के अधिकारों को कुचलने का षड्यंत्र है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए कहा कि कांग्रेस झारखंड में इस प्रणाली का जोरदार विरोध करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महागठबंधन की ओर से विधानसभा में एसआईआर के विरोध में प्रस्ताव लाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पूरे देश को यह संदेश जाए कि यह प्रणाली संविधान प्रदत्त मतदान के अधिकारों के खिलाफ है।
