logo

रांची में वकील पर फिर हमला, अपराधियों ने मारी गोली; हालत गंभीर

नोकगत.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है। अपराधियों ने रांची के रातू थाना क्षेत्र के ब्रजपुर गांव के पास झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता बबन प्रसाद को गोली मार दी। गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों अपराधी फरार हो गए। अधिवक्ता बबन प्रसाद को कंधे में गोली लगी है। गोली चलाने की घटना के बाद पड़ोस के लोगों ने तत्काल मामले की जानकारी स्थानीय रातू थाने की पुलिस को दी। इसके साथ ही अधिवक्ता को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया है जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। 


कोर्ट से काम खत्म कर लौट रहे थे घर
मिली जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता बबन प्रसाद कोर्ट से काम खत्म कर के अपने रातू वाले घर लौट रहे थे, इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी की घटना में एक गोली अधिवक्ता के कंधे में लगी। गोली मारने के बाद दोनों अपराधी वहां से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने के बाद अपराधियों की धर पकड़ के लिए पुलिस ने सभी चेक पॉइंट पर अपराधियों के लिए छापामारी की।


संपत्ति विवाद में चली गोली?
बताया जा रहा है कि अधिवक्ता बबन प्रसाद का कुछ लोगों के साथ संपत्ति का विवाद है। आशंका जताई जा रही है कि इसी संपत्ति विवाद के कारण इन पर गोली चलाई गई और उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई। हालांकि, पुलिस इस मामले में हर तरीके से जांच कर रही है। झारखंड हाई कोर्ट के अधिवक्ता धीरज कुमार ने बताया कि झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता बबन प्रसाद पर गोली चलाकर हत्या करने का प्रयास एक गंभीर और चिंताजनक घटना है।