लातेहार
ऑपरेशन ड्रैगन 228 के तहत लातेहार पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी (JJMP) के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। आज लातेहार एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस पूरे ऑपरेशन का खुलासा किया। पुलिस ने एक AK-47 और दो SLR राइफल सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर कुरुमखेता में घेराबंदी
एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी का मुख्य सरगना शंकर राम अपने दोस्तो के साथ कुरुमखेता के जंगली क्षेत्रों में मौजूद है और किसी बड़ी नक्सली घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया और 'ऑपरेशन ड्रैगन 228' शुरू किया।
सघन तलाशी और गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने जैसे ही कुरुमखेता जंगल में सघन तलाशी अभियान शुरू किया, वहां छिपे उग्रवादी पुलिस को देखते ही भागने लगे। सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और खदेड़कर दो उग्रवादियों को धर दबोचा। पकड़े गए उग्रवादियों की पहचान मनोज लोहरा और महादेव सिंह के रूप में हुई है। हालांकि, घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर सरगना शंकर राम अपने कुछ साथियों के साथ भागने में सफल रहा।
सख्त कार्रवाई का संकल्प
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी कुमार गौरव ने स्पष्ट किया कि फरार उग्रवादी शंकर राम और उसके दोस्तो के खिलाफ पुलिस की छापेमारी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले में शांति भंग करने वाले किसी भी नक्सली संगठन या अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस का अभियान तब तक चलेगा जब तक उग्रवाद का पूरी तरह खात्मा न हो जाए।