द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
लातेहार के मगध कोल माइंस क्षेत्र में रेलवे साइडिंग जाने वाले मार्ग पर CISF जवानों द्वारा CCL के वाहनों को रोके जाने के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों और महिलाओं ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया और CISF जवानों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने जवानों पर वाहन चालकों के साथ मारपीट करने के साथ ही पैसे और सामान की छिनतई करने का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। सड़क जाम और विरोध-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
