logo

लातेहार में दर्दनाक सड़क हादसा, 12 चक्का ट्रक कार पर पलटा, पति की मौत, पत्नी गंभीर

तोूा1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले में शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा चंदवा-चांपी-लोहरदगा मार्ग स्थित डेढ़टंडवा घाटी में हुआ। जानकारी के अनुसार ओडिशा नंबर का एक अनियंत्रित 12 चक्का ट्रक झारखंड नंबर की कार पर पलट गया। कार में सवार लोहरदगा निवासी प्रकाश साहू और उनकी पत्नी श्याम प्यारी देवी दब गए। प्रकाश साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी को गंभीर हालत में चंदवा सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।


बताया जा रहा है कि दंपती चंदवा के नगर मंदिर में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने आए थे और देर शाम अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। ट्रक के पलटते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे। हाइड्रा मशीन की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।


हादसे के कारण डेढ़टंडवा घाटी में लंबा जाम लग गया। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य चलाते हुए यातायात बहाल कराया। थाना प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।