logo

लातेहार के बरवाडीह में स्कूल वैन पलटी, आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल

वोीैो1.jpg

लातेहार
लातेहार जिला के बरवाडीह थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में आधा दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे घायल हो गए। जानकारी के अनुसार संत क्लारेट लेदगाई स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही एक पिकअप वैन स्कूल छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन काफी तेज रफ्तार में चल रहा था। चालक ने दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से पिकअप वैन पलट गई। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।


दो बच्चों की हालत गंभीर, मेदिनीनगर रेफर

घायल बच्चों को बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मिशन हॉस्पिटल और गांधी जी मेडिकल्स में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर हैं। हालांकि दो बच्चों के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर किया गया है। रेफर किए गए बच्चों में रेलवे कॉलोनी निवासी बद्री प्रसाद के 9 वर्षीय पुत्र कृति रंजन और आदर्शनगर निवासी पप्पू कुमार की 14 वर्षीय पुत्री शिवंशी वर्मा शामिल हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच, वाहन जब्त

अन्य घायलों में प्रियांशु गुड़िया (9), तेजस्वी चंद्रा, नव्या सिंह (6), कोमल रंजना (15) और पीयूष राज (15) शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही Anurag Kumar पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

 

Tags - Latehar Accident School Jharkhand Police