द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले के बालूमाथ में मगध कोलियरी के चमातु स्थित 22 नंबर कांटा पर बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे चार की संख्या में पहुंचे अज्ञात अपराधियों ने जमकर गोलीबारी की। फायरिंग की इस घटना में कांटा पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण उरांव (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में गोली लगी है। अरुण उरांव शेरेगढ़ा गांव निवासी रामकुमार उरांव के पुत्र हैं। गोली लगने के बाद उन्हें रात में ही बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने मौके पर एक पर्चा छोड़ा, जो राहुल दुबे-अमन साहू गैंग के नाम से बताया जा रहा है। पर्चे में कोयला खनन का काम कर रही वीपीआर कंपनी को धमकी देते हुए उसे मैनेज करने की बात कही गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अब पर्चे की सत्यता के साथ-साथ गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
