logo

गिरिडीह के बिरनी थाना क्षेत्र में देर रात फायरिंग, घर लौट रहे युवक को कमर में लगी गोली, हालत नाजुक

ghjnetmo.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिला के बिरनी थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान पूर्णानगर निवासी नंदकिशोर माली के रूप में हुई है। गोली उसकी कमर में लगी है। घटना करमाटांड़ और बरमसिया के बीच स्थित जंगल क्षेत्र में उस समय हुई, जब नंदकिशोर सीमेंट की दुकान पर काम समाप्त कर घर लौट रहा था। घायल युवक के अनुसार, रास्ते में पीछे से आए एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उस पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
घायल की मां ने बताया कि उनका बेटा प्रतिदिन की तरह काम से घर लौट रहा था, तभी उस पर हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल उसे बिरनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी हालत नाजुक रहने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावर की तलाश की जा रही है।

 

Tags - Giridih district shooting Young man shot in Jharkhand Birni Thana crime news Nandkishor Mali shooting case Motorcycle attackers Giridih Karmatand Barmasia incident Forest area shooting Jharkhand Jharkhand breaking news crime