logo

कुंभकर्ण 6 महीने सोने के बाद 6 महीने खाता था लेकिन JMM के नेता तो 12 महीने ही खाते हैं- शिवराज सिंह चौहान  

shivrajjj.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड के हटिया विधानसभा क्षेत्र में आयोजित नामांकन जनसभा में केन्द्रीय मंत्री एवम चुनाव प्रभारी  शिवराज सिंह चौहान  ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज दाना तूफान आ रहा है, ये तूफान तो 2 दिन में निकल जाएगा, लेकिन यही सरकार एक बार और आई, तो ये झारखंड को बर्बाद कर देगी। शिवराज सिंह चौहान  ने कहा कि बांग्लादेशी आते हैं, ये बेटियों से शादी करते हैं और जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। हेमंत सरकार बांग्लादेश के घुसपैठियों का स्वागत करती है। अगर अगले 5 साल के लिए ये सरकाक आई तो झारखंड बर्बाद हो जाएगा। हमने कुंभकर्ण के बारे में सुना था, वो 6 महीने जागता था और 6 महीने सोता था। वो जागने पर खाता ही रहता था लेकिन ये JMM के नेता तो 12 महीने ही खाते हैं। ये बालू खा गए, मिट्टी खा गए, कोयला खा गए।

आगे उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  ने पीने के पानी के लिए पाइपलाइन बिछाने के लिए करोड़ों रुपये भेजे। लेकिन ये पैसे कांग्रेस और JMM की सरकार खा गई। केंद्र सरकार जो भी पैसे भेजती है, उसे गठबंधन की सरकार खा जाती है। इस बार इस गठबंधन को हराना है। हेमंत सोरेन ने 5 लाख नौकरी हर साल देने का वादा किया था। 4 साल 10 महीने में नौकरी किसी को नहीं मिली। आखिरी समय में नौकरी के लिए नौजवान को दौड़ा दिया। ऐसा दौड़ाया कि वो वापस नहीं लौट पाए, उनके मृत शरीर वापस आये। साथ ही कहा कि जिन्होंने पेपर लीक किया है, वो सभी जेल भेजे जाएंगे, वो बचेंगे नहीं। गलत एग्जाम के आधार पर रिजल्ट नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा की तरफ से कह रहा हूं कि 2.86 लाख पद पहली कैबिनेट बैठक के बाद भर दिये जाएंगे। हम कैलेंडर बनाएंगे। हमारे 5 प्रण हैं। 

पहला प्रण है कि हम नौजवानों को नौकरी देंगे। हम 5 लाख रोजगार अलग देंगे और नौकरी अलग देंगे। मध्यप्रदेश पहला राज्य था जिसने लाड़ली बहना योजना बनाकर बहनों के खातों में पैसे डाले। हेमंत सरकार ने 2,000 रुपये चूल्हा खर्च देने का वादा किया था। लेकिन किसी को नहीं मिला। चुनाव आने पर 1,000 रुपये पकड़ा दिये। बीजेपी का प्रण है कि सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में फैसला होगा, हर बहन के खाते में हर महीने 11 तारीख को 2,100 रुपये डाले जाएंगे। बीए, बीएससी, बीकॉम और एमए, एमएससी, एमकॉम करने वाले नौजवानों को 2 साल तक हर महीने 2 हजार रुपये दिये जाएंगे। 

साथ ही जिनके कच्चे मकान हैं, उनको पक्का मकान बनाकर दिया जाएगा। इन लोगों ने तो आपने मकान बना लिए लेकिन मोदी  और बीजेपी  बनाएगी गरीबों के मकान। बालू आज बाल्टी में बिक रही है। हेमंत सोरेन बालू खा गए। बीजेपी का प्रण है कि मकान बनाने के लिए सभी को बालू फ्री में दी जायेगी। बीजेपी की सरकार आने वाली है आपकी जिंदगी बदलने के लिए। गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेंगे और त्योहार पर 2 सिलेंडर फ्री मिलेंगे। जिसने भ्रष्टाचार किया है, उसको बीजेपी  छोड़ेगी नहीं! ये चुनाव झारखंड के भविष्य को बचाने का चुनाव है। यह माटी, रोटी और बेटी बचाने का चुनाव है। आज जनता का समुद्र नवीन जायसवाल को समर्थन देने के लिए उमड़ा है। मुझे विश्वास है कि नवीन जी को आप रिकॉर्ड वोटों से जिताओगे। आज संकल्प लीजिए, हम नवीन जायसवाल को जितायेंगे और भाजपा की सरकार बनायेंगे।

Tags - Elections Election News Election Breaking Assembly Elections Assembly Election Breaking News Assembly Election Breaking