logo

कोलकाता की 5 मंजिला इमारत में भीषण आग, 4 साल के बच्चे समेत 9 की मौत

पदूात.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में मंगलवार रात करीब 1:45 बजे भीषण आग लग गई। इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 4 साल का बच्चा भी शामिल है। वहीं, 6 लोग घायल हुए हैं। आग लगने के समय होटल में ज्यादातर लोग सो रहे थे। कमरों में धुआं भरने से दम घुटने के कारण कई लोगों की जान चली गई। मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। आग की सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। इमारत में घना धुआं भर जाने के कारण दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। आग पर काबू पा लिया गया है और फिलहाल बिल्डिंग की कूलिंग का काम जारी है।


शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण की पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही होगी। उन्होंने बताया कि इमारत में बुनियादी अग्नि सुरक्षा और निर्माण नियमों के पालन में लापरवाही की शिकायतें सामने आई हैं। इसके अलावा, इमारत में संचालित हो रहे होटलों के संचालन में भी कई अनियमितताओं के आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद इमारत का मालिक फरार है। न्यू मार्केट थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर समेत कई ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस आग लगने की वजह के साथ-साथ इमारत में सुरक्षा मानकों और निर्माण नियमों के उल्लंघन की भी जांच कर रही है।

Tags - Kolkata Fire Mirza Ghalib Street Kolkata News West Bengal News Hotel Fire Building Fire Fire Accident