जमशेदपुरः
कोल्हान विश्वविद्यालय ने बीएड तृतीय सेमेस्टर (सत्र 2023–25) के परिणाम में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह कॉलेजों के नतीजों पर रोक लगा दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि संबंधित कॉलेजों द्वारा इंटर्नल परीक्षा के अंक समय पर उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके कारण यह निर्णय लिया गया। इस कार्रवाई से 500 से अधिक छात्रों का परिणाम अटक गया है।
.jpeg)
कई प्रमुख कॉलेजों के रिजल्ट पर रोक, कुछ का परिणाम जारी
विश्वविद्यालय ने जनवरी 2026 में आयोजित बीएड तृतीय सेमेस्टर परीक्षा का प्रोविजनल रिजल्ट जारी किया है, लेकिन कुल 16 में से केवल 10 कॉलेजों के परिणाम ही प्रकाशित किए गए हैं। जिन कॉलेजों के परिणाम रोके गए हैं, उनमें ग्रेजुएट कॉलेज, बहरागोड़ा कॉलेज, महिला कॉलेज चाईबासा, एमबीएनएस बीएड कॉलेज, डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन, आशु किस्कु मेमोरियल और रबी किस्कु शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान शामिल हैं। वहीं जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज, करीम सिटी कॉलेज समेत अन्य संस्थानों के परिणाम जारी कर दिए गए हैं।

कॉलेजों ने कार्रवाई पर जताई आपत्ति, छात्रों में चिंता
कॉलेज प्रबंधन ने विश्वविद्यालय के फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि इंटर्नल अंक समय पर भेज दिए गए थे। उनका कहना है कि यदि किसी स्तर पर कमी थी तो विश्वविद्यालय को स्पष्टीकरण मांगना चाहिए था, न कि छात्रों का परिणाम रोकना चाहिए था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही इंटर्नल अंक उपलब्ध कराए जाएंगे, रोके गए कॉलेजों का परिणाम जारी कर दिया जाएगा। इस फैसले से छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।