कोडरमाा
कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-20) पर तिलैया बस्ती अंडरपास के पास की है। मृतक की पहचान इंदरवा बस्ती निवासी 26 वर्षीय राजकमल श्रीवास्तव उर्फ गोलू के रूप में हुई है। वह बालू सप्लाई का काम करता था और तीन महीने पहले ही उसकी सगाई हुई थी। बताया जा रहा है कि उसने दो दिन पहले ही दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाया था।

देर रात घर नहीं लौटने पर शुरू हुई तलाश
मृतक के छोटे भाई अनीश श्रीवास्तव ने बताया कि राजकमल बुधवार दोपहर बाइक से घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने फोन किया, जिस पर उन्होंने जल्द लौटने की बात कही थी। लेकिन वह रातभर घर नहीं पहुंचे। गुरुवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे शव देखा और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक दुर्घटनाग्रस्त बाइक भी बरामद की गई है।

परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
पुलिस के अनुसार शरीर पर मिले जख्मों से प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है, लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि अगर यह हादसा होता तो बाइक और चप्पल पास में मिलती। मृतक के चाचा अनुज श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद शव को यहां फेंका गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।