logo

बिहार के चार अपराधी के साथ कोडरमा पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली

KODER.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिले की तिलैया पुलिस ने बैंक लूट की योजना बना रहे बिहार के चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और लूट में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया है। एसपी कुमार शिवाशीष को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से आए कुछ अपराधी तिलैया थाना क्षेत्र की इंदरवा बस्ती स्थित एक मकान में ठहरे हुए हैं और बैंक लूट की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सोमवार देर रात विशेष टीम ने करीब तीन घंटे तक कार्रवाई की। पुलिस टीम जब इंदरवा बस्ती स्थित मकान में पहुंची तो वहां मौजूद अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसके तीन साथियों सन्नी, अतुल और अमन को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल प्रिंस को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, फायरिंग से बचाव के दौरान तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के पैर में भी चोट आई है।


बैंक ऑफ महाराष्ट्र को बनाया था निशाना
घायल प्रिंस पांडेय ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि हाजीपुर के निरंतर सिंह की योजना के तहत वह अपने साथियों के साथ कोडरमा बाजार स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में लूट करने आया था। चारों अपराधी पिछले तीन दिनों से इंदरवा बस्ती में राय जी नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर रह रहे थे और लगातार बैंक की रेकी कर रहे थे। प्रिंस के मुताबिक, एक-दो दिन के भीतर बैंक लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी थी। उसने पुलिस को बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना निरंतर सिंह गूगल मैप के जरिए बैंक का लोकेशन तलाशता है और इसके बाद अपने साथियों को संबंधित जगह भेजकर बैंक की रेकी कराता है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र को इसलिए निशाना बनाया जाता है क्योंकि वहां गोल्ड लोन की सुविधा होने के कारण बड़ी मात्रा में सोना मिलने की संभावना रहती है। प्रिंस ने बताया कि वह पहली बार बैंक लूटने के इरादे से कोडरमा आया था।


एसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली ऑपरेशन की जानकारी
करीब तीन घंटे तक चली पुलिस कार्रवाई के दौरान एसपी कुमार शिवाशीष लगातार पूरे ऑपरेशन की जानकारी लेते रहे। कार्रवाई पूरी होने के बाद रात करीब 2 बजे एसपी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले घायल तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार का हाल जाना और इसके बाद पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और बैंक लूट की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

Tags - Koderma Tilaiya Police Bank Robbery Bihar Criminals Bank of Maharashtra Prince Pandey Nirantar Singh