कोडरमा:
कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कोडरमा-गिरिडीह रेलखंड पर 36 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिहार के शेखपुरा निवासी संटू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात ससुराल में पत्नी और ससुराल वालों के साथ विवाद के बाद वह गुस्से में घर से निकल गया था। देर रात उसका शव ललोचनपुर नौवाडीह के पास रेलवे ट्रैक के किनारे बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जता रही है।

ससुराल में हुआ था विवाद
कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार के अनुसार, संटू सिंह पूर्णानगर स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। गुरुवार रात किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी और ससुराल वालों के साथ विवाद हो गया। विवाद के बाद वह गुस्से में घर से बाहर निकल गया। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए।
.jpeg)
रेलवे ट्रैक के पास मिला शव
काफी तलाश के बाद देर रात संटू सिंह का शव कोडरमा-गिरिडीह रेलखंड पर ललोचनपुर नौवाडीह के पास पोल संख्या 7/3 के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। शव मिलने के बाद ससुराल वालों ने इसकी सूचना कोडरमा पुलिस और आरपीएफ को दी।
.jpeg)
पुलिस और आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दी गई।
विवाद के बाद आत्महत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी और परिजनों के बयान के आधार पर आशंका है कि ससुराल में विवाद के बाद संटू सिंह रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने अभी घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।