द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा थाना क्षेत्र के लोचनपुर गांव में रविवार देर रात एक युवती के घर पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों की पिटाई करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद गांव में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। जानकारी के मुताबिक, एक युवक अपने दोस्त के साथ युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। सोमवार सुबह जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने युवती के घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल देखकर शक जताया। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों युवक पिछले दो-तीन दिनों से युवती के घर आ रहे थे। इसके बाद ग्रामीण युवती के घर पहुंचे और दोनों युवकों को पकड़ लिया।

ग्रामीणों ने आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ने का लगाया आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों युवकों को युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों की पिटाई की। ग्रामीणों के अनुसार, युवती समेत तीनों को गांव में घुमाया गया और फिर बिजली के खंभे से रस्सी से बांधकर माफी मंगवाई गई। साथ ही भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं करने की हिदायत दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से गांव का माहौल प्रभावित होता है। उनका दावा है कि इससे पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं के बीच गलत संदेश जाता है और गांव के युवक-युवतियों पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों युवक रविवार रात मोटरसाइकिल से युवती के घर गए थे। मोटरसाइकिल देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। थाना प्रभारी के अनुसार, पकड़े गए युवकों में एक लोचनपुर और दूसरा लखीबागी का रहने वाला है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।