logo

कोडरमा में कस्तूरबा की छात्राओं का फूटा गुस्सा, खराब खाने और बदहाल शिक्षा के खिलाफ 8 KM पैदल मार्च, कई छात्राएं हुई बेहोश

KODERAM_STUDENTS_IMAGE_.jpeg

कोडरमा
कोडरमा जिले के सतगांवां प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्था के खिलाफ शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय का घेराव किया। विद्यालय की बदहाल व्यवस्था से नाराज करीब 300 छात्राएं 8 किलोमीटर पैदल मार्च कर प्रखंड कार्यालय पहुंचीं। लंबी दूरी तय करने के दौरान कई छात्राएं बेहोश हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।विद्यालय की समस्याओं को लेकर छात्राएं लगातार आवाज उठा रही हैं। इससे पहले 15 अगस्त को भी छात्राओं ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया था। उस समय प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार रवि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने छात्राओं को शांत कर दो दिनों के भीतर सभी कमियों को दूर करने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं होने से छात्राओं का आक्रोश बढ़ गया।

8 किलोमीटर पैदल मार्च, लगाए अधिकार के नारे
खराब भोजन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोशित छात्राओं ने शुक्रवार को सड़क मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कई छात्राएं बेहोश होकर सड़क पर गिर गईं। बड़ी संख्या में छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर प्रखंड मुख्यालय पहुंचीं। प्रशासन की निष्क्रियता से नाराज छात्राएं विद्यालय से करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर सतगांवां प्रखंड कार्यालय पहुंचीं। इस मार्च में लगभग 300 छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने "शिक्षा हमारा अधिकार है" और "हम बच्चों ने ठाना है, अपना अधिकार पाना है" जैसे नारे लगाकर अपनी मांगों को बुलंद किया।
बुनियादी सुविधाओं की कमी से छात्राएं परेशान
पैदल मार्च के दौरान कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। छात्रा राधिका कुमारी ने बताया कि विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं का गंभीर अभाव है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त शिक्षक, सफाई कर्मचारी और पीने के पानी जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कक्षा छह की छात्राओं की पढ़ाई भी सही ढंग से नहीं हो पा रही है। इतना ही नहीं, छात्राओं को शौचालय की सफाई भी स्वयं करनी पड़ती है।
शिक्षा पदाधिकारी ने दिया जल्द सुधार का आश्वासन
मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा पदाधिकारी मुकुल राज प्रखंड कार्यालय पहुंचे और छात्राओं से बातचीत कर उन्हें समझाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यालय की सभी कमियों को जल्द दूर किया जाएगा और आवश्यक सुविधाएं बहाल की जाएंगी। इसके बाद छात्राओं को वापस विद्यालय भेज दिया गया।
समस्याएं नहीं सुलझीं तो उपायुक्त कार्यालय का होगा घेराव
हालांकि छात्राओं ने स्पष्ट कहा कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। उन्होंने विद्यालय में सभी विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है। छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अगला आंदोलन करते हुए उपायुक्त कार्यालय का भी घेराव करेंगी।

Tags - Koderma Jharkhand Kasturba School Student Protest Education News