द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड अंतर्गत नवलशाही थाना क्षेत्र में शुक्रवार को आंधी और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। फुलवरिया गांव में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से 60 वर्षीय महिला आरती देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार फुलवरिया गांव निवासी राजेंद्र मेहता अपने दो मंजिला मकान का निर्माण करा रहे थे। मकान के दूसरे माले पर नई दीवारें खड़ी की गई थीं। शुक्रवार दोपहर अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए आरती देवी और गांव की एक अन्य महिला निर्माणाधीन मकान के नीचे खड़ी हो गईं।

बारिश थमने के बाद सामने आया हादसा
बारिश तेज होने पर दूसरी महिला अपने घर चली गई, जबकि आरती देवी वहीं रुक गईं। कुछ देर बाद जब बारिश थमी तो वह महिला वापस लौटी और आरती देवी को खोजने लगी। इसी दौरान वहां मौजूद एक बच्ची की नजर जमीन पर गिरी दीवार पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि दीवार के मलबे के नीचे आरती देवी दबी हुई हैं। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दीवार के भारी हिस्से के नीचे दबने से आरती देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

निर्माणाधीन भवन की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने निर्माणाधीन भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज आंधी और बारिश के दौरान कमजोर या नई बनी दीवारों के पास खड़ा होना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। फिलहाल घटना की सूचना संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गई है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।