logo

कोडरमा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत

WhatsApp_Image_2026-09-01_at_3_24_08_PM.jpeg

कोडरमा:
कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में नीरू पहाड़ी के पास सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में 33 वर्षीय युवक प्रीतम पटेल की मौत हो गई। प्रीतम स्वर्गीय मुन्ना राउत के पुत्र थे। मिली जानकारी के अनुसार, प्रीतम अपने पैतृक गांव गिरिडीह जिले के राजधनवार गए थे। देर रात वह बाइक से झुमरीतिलैया स्थित अपने किराए के मकान लौट रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। फिर नीरू पहाड़ी के पास पहुंचने पर वह अचानक एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रीतम की मौके पर ही मौत हो गई और उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

हेलमेट पहनने के बावजूद भीषण हादसे में गई जान
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के वक्त प्रीतम ने हेलमेट पहन रखा था। इसके बावजूद दुर्घटना इतनी भयावह थी कि उनका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। शरीर के कुछ हिस्से सड़क पर, जबकि कुछ हिस्से सड़क किनारे झाड़ियों में बिखरे हुए मिले। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ पहुंचे, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया। थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार ने बताया कि मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की गई। पहचान होने के बाद घटना की जानकारी प्रीतम के परिजनों को दी गई। थाना प्रभारी के अनुसार, मूसलाधार बारिश के बीच बाइक से यात्रा करने के दौरान प्रीतम अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास उपलब्ध जानकारी और संभावित सुरागों के आधार पर वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है।

मां, पत्नी और पुत्री को छोड़ गया प्रीतम
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह मृतक के परिजन सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचे। अस्पताल में प्रीतम का शव देखकर परिजन भावुक हो गए। हादसे की खबर से परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि प्रीतम पटेल अपनी मां और पत्नी के साथ झुमरीतिलैया में किराए के मकान में रहते थे। वह स्मार्ट बाजार में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सड़क हादसे में उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रीतम अपने पीछे अपनी विधवा मां, पत्नी और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनके पिता मुन्ना राउत का निधन करीब एक वर्ष पहले हो चुका था।

पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारियों में प्रीतम की महत्वपूर्ण भूमिका थी। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने भावनात्मक संकट के साथ-साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है।

Tags - Koderma News Road Accident Domchanch Jharkhand News Pritam Patel