द फॉलोअप डेस्क
धूप और गर्मी से बिगड़ी छात्राओं की तबीयत बेहोशी की हालत में दिख रही ये छात्राएं कोडरमा के सतगावां स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की हैं। ये छात्राएं अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सड़क पर प्रदर्शन कर रही थीं। इसी दौरान तेज धूप और गर्मी के कारण कई छात्राओं की तबीयत बेहद खराब हो गई और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दरअसल, स्कूल की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया है। खराब खान-पान और शिक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोशित छात्राओं ने शुक्रवार को सड़क मार्च निकाला था। मार्च के दौरान कई छात्राएं बेहोश होकर गिर गईं। बड़ी संख्या में छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर प्रखंड मुख्यालय की ओर बढ़ रही थीं।

खराब भोजन और शिक्षा व्यवस्था से नाराज छात्राएं
खराब भोजन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं है। इसके अलावा शिक्षा व्यवस्था भी बदहाल है। छात्राओं का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विद्यालय की व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि करीब एक महीने में बाथरूम की सफाई कराई गई है और खाना बनवाया गया है। छात्राओं ने बताया कि 15 अगस्त के दिन भी विद्यालय में हंगामा हुआ था। उस दौरान बीडीओ ने व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई सुधार नहीं हुआ। इन्हीं समस्याओं को लेकर छात्राएं शुक्रवार को सड़क मार्च निकालकर प्रखंड मुख्यालय पहुंचीं।

जांच और व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग
अधिकारियों से जांच और तत्काल सुधार की मांग प्रखंड मुख्यालय पहुंची छात्राओं ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं और विद्यालय की व्यवस्था की जांच कराने की मांग की। छात्राओं ने कहा कि विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता और पढ़ाई की व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए। उनका कहना है कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखना चाहती थीं। अब देखना होगा कि प्रशासन छात्राओं की शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेता है, विद्यालय की व्यवस्थाओं की जांच के बाद क्या कार्रवाई की जाती है और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की बदहाल व्यवस्था में कितना सुधार होता है।