द फॉलोअप डेस्क
चतरा जिले के टंडवा-केरेडारी क्षेत्र में खुद को MCC उग्रवादी बताकर छह लोगों का अपहरण करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी अपहृतों को सकुशल मुक्त करा लिया। इस दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच जंगल में मुठभेड़ भी हुई, जिसके बाद अपराधी अपहृतों को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, गांव के छह लोगों का कुछ हथियारबंद अपराधियों ने खुद को MCC सदस्य बताकर अपहरण कर लिया है।
.jpg)
एक लाख रुपये मांगी थी फिरौती
पुलिस के मुताबिक अपराधियों ने अपहृतों की रिहाई के बदले एक लाख रुपये की फिरौती भी मांगी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सिमरिया) नागरगोजे शुभम भाउसाहेब के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। सर्च अभियान के दौरान जब पुलिस टीम अपहृतों तक पहुंची, तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद अपराधी घबरा गए और अपहृत लोगों को छोड़कर जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने सभी छह अपहृतों को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल छह अपराधियों में से पांच को गिरफ्तार/निरुद्ध किया गया।

आर्म्स एक्ट और CLA एक्ट तहत प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में सिमरिया थाना में कांड संख्या 116/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और CLA एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रमेश कुमार गंझू और सतीश कुमार गंझू शामिल हैं, जबकि अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे मामले में उग्रवादी कनेक्शन और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।