logo

खूंटी में सड़क किनारे पेड़ से लटका मिला युवक का शव, साजिश या सुसाइड; जांच में जुटी पुलिस

Murhu1.jpg

खूंटी
मुरहू थाना क्षेत्र में आज सुबह सड़क किनारे एक कटहल के पेड़ से 25 वर्षीय युवक का शव लटकता हुआ पाया गया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बम्हनी गांव के अंबाटोली निवासी प्रतीक पुरती के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। 
सुबह नदी की ओर गए ग्रामीणों ने देखा शव
शनिवार सुबह करीब 5 बजे जब कुछ ग्रामीण बनईं नदी की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे स्थित कटहल के पेड़ पर पड़ी। पेड़ से युवक का शव लटक रहा था और नीचे उसकी चप्पलें पड़ी थीं। ग्रामीणों ने तुरंत इस बात की सूचना आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद मौके पर काफी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद मामले की जानकारी स्थानीय मुरहू थाना पुलिस को दी गई। 
पिता से हुआ था विवाद, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार की रात प्रतीक पुरती का किसी बात को लेकर अपने पिता के साथ विवाद हुआ था। बहस के बाद वह गुस्से में घर से निकल गया और रातभर वापस नहीं लौटा। इसके बाद शनिवार की सुबह सीधे उसका शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Tags - Khunti Murhu Suspicious Death Police Investigation Jharkhand News