खूंटी
भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खूंटी की एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) सह महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उन्हें महिला थाने में ही 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। ACB ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसीबी की टीम आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया ट्रैप
जानकारी के मुताबिक, महिला थाना प्रभारी के खिलाफ केस मैनेज करने के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत एसीबी को मिली थी। जिसमें थाना प्रभारी ने मामले में राहत दिलाने के एवज में 4 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के बाद पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये देने पर सहमति बनी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एसीबी को दी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ब्यूरो ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की तैयारी शुरू की। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। 
रिश्वत लेते ही टीम ने किया गिरफ्तार
पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार, जैसे ही शिकायतकर्ता ने महिला थाना प्रभारी को रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से निगरानी कर रही एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी थाना प्रभारी को एसीबी कार्यालय ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाल रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। महिला थाना प्रभारी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी पद का दुरुपयोग कर रिश्वत लेने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।.jpeg)
विशेष अदालत में होगी पेशी
एसीबी आरोपी अधिकारी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद विशेष अदालत में पेश करेगी। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।