logo

खूंटी डबल मर्डर मिस्ट्री का खुलासा : महिला समेत 6 गिरफ्तार, मासूम बेटे की कस्टडी विवाद बना कत्ल की वजह

Screenshot_2026-07-15_162702.jpg

खूंटी
झारखंड के खूंटी जिले में तजना नदी पुल के पास मिले युवक और महिला के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि महिला का पति ही निकला। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद और बच्चे की कस्टडी को लेकर उपजे तनाव ने आखिरकार खूनी साजिश का रूप ले लिया। पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर पत्नी और उसके साथी की हत्या करा दी। 
तजना नदी पुल डबल मर्डर केस का खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। दोनों का एक बच्चा भी है, जिसकी कस्टडी को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश ने पति को इतना बेरहम बना दिया कि उसने पत्नी और उसके साथी की हत्या की साजिश रच डाली। इस सनसनीखेज खुलासे के साथ खूंटी पुलिस ने महज कुछ दिनों में दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाकर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया। 
ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझी
10 जुलाई को खूंटी थाना क्षेत्र के धाराटोली स्थित तजना नदी पुल के समीप युवक और महिला के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गहन जांच ने आखिरकार इस ब्लाइंड मर्डर केस की परतें खोल दीं। 
छह आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत ने पूछताछ में हत्या की साजिश और वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पूरे गिरोह का खुलासा करते हुए महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सती देवी, जितेंद्र सिंह उर्फ जयरा, रितेश चौक बड़ाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत और विजय रंजन शर्मा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, मृतक की मोटरसाइकिल, लोहे की दो रॉड, दोनों मृतकों एवं आरोपियों के मोबाइल फोन तथा वारदात के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। इन साक्ष्यों को पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।
 

Tags - khunti news exclusive news khunti update crime newsjharkhand