द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित 19 दिवसीय सरस मेले के भव्य समापन समारोह में झारखंड की महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। खूंटी की स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की सदस्य यशोदा देवी, लक्ष्मी और उनकी टीम को उत्कृष्ट हस्तनिर्मित उत्पादों के लिए प्रतिष्ठित सर्वश्रेष्ठ हस्तनिर्मित उत्पाद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विजयवाड़ा के जिला कलेक्टर ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। उनकी रचनात्मकता, हुनर और उत्कृष्ट कारीगरी को इस सम्मान के जरिए राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली।

ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और उद्यमशीलता को सम्मान
यह उपलब्धि झारखंड की ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता की भावना का प्रतीक है। पुरस्कार मिलने से स्वयं सहायता समूह की दीदियों का उत्साह बढ़ा है। खूंटी की इन महिलाओं ने अपने हुनर के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस सफलता को महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण उद्यमिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
