द फॉलोअप डेस्क
खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में सनसनीखेज डबल मर्डर का मामला सामने आया है। पंगुरा गांव के जंगल से रविवार को 19 वर्षीय युवती का शव बरामद किया गया। युवती आठ महीने की गर्भवती थी। पोस्टमार्टम के दौरान उसके गर्भ से मृत शिशु भी बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले में दोहरे हत्याकांड की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मृतका अड़की थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और पंगुरा गांव निवासी 20 वर्षीय सागर ओड़ेया के साथ करीब दो साल से प्रेम संबंध में थी। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। पुलिस के अनुसार, वह सागर पर अपने और होने वाले बच्चे को साथ रखने का दबाव बना रही थी। इसी बीच सागर ने उससे दूरी बना ली और करीब दो महीने पहले ढुकू प्रथा के तहत दूसरी युवती को अपने घर में रख लिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

बहला-फुसलाकर जंगल ले जाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर को युवती अपने अजन्मे बच्चे के हक की मांग को लेकर सागर के घर पहुंची थी। इसके बाद 4 सितंबर से वह लापता थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी रविवार को उसका शव पंगुरा गांव के जंगल से मिला। सूचना पर डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और मुरहू थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी सागर ओड़ेया को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की है और बताया कि विवाद से बचने के लिए वह युवती को बहला-फुसलाकर जंगल ले गया, जहां उसकी हत्या कर दी। मामले की जांच जारी है।