logo

पिकनिक से लौटे 30 बच्चे बीमार, उल्टी-दस्त की शिकायत से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

पिकनिक से लौटे 30 बच्चे बीमार, उल्टी-दस्त की शिकायत से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
खूंटी के कर्रा प्रखंड में पीएम श्री उच्च विद्यालय तिलमी के करीब 30 बच्चों के अचानक बीमार पड़ने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। रविवार शाम से बच्चों में उल्टी, दस्त, तेज बुखार और पेट दर्द जैसी शिकायतें सामने आने लगीं। सोमवार सुबह तक कई और बच्चों में इसी तरह के लक्षण दिखने लगे। इसके बाद कुछ बच्चों को कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी बीमार बच्चों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

 

तोरपा के डोड़मा और रानीफॉल गए थे बच्चे
बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला 3 अक्टूबर को हुए शैक्षणिक भ्रमण से जुड़ा माना जा रहा है। स्कूल की ओर से बच्चों को तोरपा के डोड़मा स्थित गुरुकुल और रानीफॉल ले जाया गया था। भ्रमण के दौरान बच्चों ने खुद खाना तैयार किया था। इसके अलावा पिकनिक स्थल के आसपास मौजूद ठेलों से भी कुछ बच्चों द्वारा खाद्य सामग्री खाने की बात सामने आई है। ऐसे में बीमारी दूषित भोजन की वजह से हुई या इसके पीछे संक्रमण का कोई दूसरा कारण है, स्वास्थ्य विभाग इसकी जांच कर रहा है।

तीन गांवों में घर-घर पहुंच रही मेडिकल टीम
बीमार बच्चों में सबसे ज्यादा संख्या तिलमी गांव के बच्चों की बताई जा रही है। इसके अलावा मासको और बरवादाग गांव के भी कुछ बच्चे प्रभावित हुए हैं। मामले को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने इन तीनों गांवों में निगरानी बढ़ा दी है। मेडिकल टीमें घर-घर जाकर बच्चों का सर्वे और स्वास्थ्य जांच कर रही हैं तथा जरूरत के अनुसार दवाएं दी जा रही हैं। वहीं, जिला अस्पताल को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए वहां भेजा जा सके।

Tags - Khunti News Karra News PM Shri School Tilmi Students Sick Food Poisoning Educational Tour