द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के चट्टी बड़गाईं गांव की रहने वाली 25 वर्षीय नेहा और उसके पड़ोसी 21 वर्षीय अरुण राणा का शव शुक्रवार सुबह खूंटी थाना क्षेत्र के बारुडीह पंचायत स्थित तजना नदी पुल के नीचे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने नेहा के पति कुंदन प्रामाणिक और उसके सहयोगियों पर दोनों का अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस मामले में नेहा के पिता भोला ठाकुर और अरुण के पिता प्रकाश राम उस्ताद के बयान पर खूंटी थाना में कुंदन प्रामाणिक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को बुंडू क्षेत्र से बरामद कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

शादी में बेटे को लाने गई थी नेहा
परिजनों के अनुसार, नेहा की छोटी बहन की शादी होने वाली थी। इसी वजह से वह गुरुवार शाम अपने पांच वर्षीय बेटे को शादी में शामिल कराने के लिए पड़ोसी अरुण राणा के साथ बाइक से गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल डोरिया गांव गई थी। आरोप है कि पति कुंदन प्रामाणिक ने बच्चे को भेजने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। नेहा ने करंज थाना पहुंचकर पुलिस से भी मदद मांगी, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि वापस लौटने के दौरान कुंदन अपने तीन-चार साथियों के साथ स्कॉर्पियो से आया, बाइक को टक्कर मारकर दोनों को जबरन वाहन में बैठाया और अगवा कर लिया।

धारदार हथियार से हत्या का आरोप, शादी के कार्ड से हुई पहचान
परिजनों का आरोप है कि अपहरण के बाद दोनों को खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के पास ले जाकर धारदार हथियार से हमला किया गया और फिर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस, एफएसएल टीम और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से मिले एक शादी के कार्ड के आधार पर मृतकों की पहचान हुई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

दहेज प्रताड़ना और दूसरी शादी के आरोप
नेहा के पिता भोला ठाकुर ने आरोप लगाया कि छह वर्ष पहले हुई शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। इस संबंध में पहले भी मामला दर्ज कराया गया था। पति से विवाद के कारण नेहा पिछले तीन वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि कुंदन प्रामाणिक का दूसरी महिला से संबंध था और उसने संभवतः दूसरी शादी भी कर ली थी। उनका कहना है कि इसी वजह से वह नेहा से छुटकारा पाना चाहता था। वहीं अरुण के पिता प्रकाश राम उस्ताद ने कहा कि उनका बेटा केवल पड़ोसी होने के नाते नेहा की मदद के लिए गया था, लेकिन उसे भी अपनी जान गंवानी पड़ी।

छापेमारी जारी, पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिस घर में छोटी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां बड़ी बेटी की मौत से मातम पसरा हुआ है।