logo

खूंटी में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, 3 सगे भाइयों को गंभीर चोटें

ेदलसाी.jpg

द फॉलोअप डेस्क
खूंटी शहर से सटे बेलाहाथी गांव में शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में एक पक्ष के तीन सगे भाई बलिंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह और श्याम सिंह घायल हो गए। तीनों के माथे पर चोट लगी है। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल खूंटी में भर्ती कराया। घायल भाइयों का आरोप है कि बेलाहाथी के परसा टांड़ स्थित विवादित जमीन पर शुक्रवार दोपहर लापुंग निवासी उमाशंकर साहू करीब 40-50 लोगों के साथ पहुंचे थे। उनके पास जमीन से संबंधित कागजात थे और जेसीबी से जमीन पर काम कराया जा रहा था। भाइयों के अनुसार, जमीन का मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। इसी कारण उन्होंने जेसीबी चलाने का विरोध किया।


विरोध करने पर मारपीट का आरोप
घायलों ने आरोप लगाया कि जेसीबी का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान बंदूक के बट से भी हमला करने का आरोप लगाया गया है। मारपीट में तीनों भाइयों के माथे पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहीं, उमाशंकर साहू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपना अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि उन्होंने ढाई एकड़ जमीन खरीदी है और उसका दाखिल-खारिज भी हो चुका है। वह मजदूरों के साथ जमीन की साफ-सफाई कराने पहुंचे थे। इसी दौरान बेलाहाथी निवासी तीनों भाइयों समेत चार-पांच लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उमाशंकर ने भी मारपीट में घायल होने की बात कही है।


दोनों पक्षों ने दर्ज कराया केस
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

Tags - Khunti Belahathi Land Dispute JCB Jharkhand Crime Khunti Police Assault Property Dispute Jharkhand News